समालखा में उमड़ा उत्साह: पंजाब से ओडिशा तक के खिलाड़ी मैदान में, खेल के साथ आध्यात्मिक चेतना का संदेश

समालखा/हरियाणा : संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल, समालखा की पावन धरा पर गुरुवार को 26वें ‘बाबा गुरबचन सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट’ का भव्य शुभारम्भ हुआ। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित के दिव्य मार्गदर्शन में आयोजित यह टूर्नामेंट खेल भावना, अनुशासन और मानवीय मूल्यों के अद्भुत संगम के रूप में उभर कर सामने आया है। 10 मार्च तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश के कोने-कोने से आई 24 श्रेष्ठ टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

टूर्नामेंट के आयोजन की जानकारी देते हुए संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि इस बार युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर सहित पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात जैसे राज्यों के चयनित खिलाड़ी यहाँ अपनी खेल कुशलता के साथ-साथ आत्मसंयम और भाईचारे का परिचय दे रहे हैं। यह आयोजन मात्र एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बाबा हरदेव सिंह जी द्वारा बाबा गुरबचन सिंह जी की स्मृति में शुरू किया गया एक ऐसा अभियान है, जो युवा शक्ति को सेवा और संयम के मार्ग पर अग्रसर करता है।

खिलाड़ियों को आशीर्वचन देते हुए संत निरंकारी मंडल की प्रधान राजकुमारी ने कहा कि बाबा गुरबचन सिंह जी का मानना था कि शरीर स्वस्थ रहने पर ही भक्ति संभव है। उन्होंने खिलाड़ियों को ‘थकना नहीं, अकना नहीं और झुकना नहीं’ का मंत्र देते हुए कहा कि खेल हमें सिखाते हैं कि जीत-हार से ऊपर उठकर मनोस्थिति को संतुलित रखा जाए। इस अवसर पर केंद्रीय योजना एवं सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित मंडल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

टूर्नामेंट को सुचारू बनाने के लिए समालखा परिसर में आवास, चिकित्सा, सुरक्षा और पार्किंग के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन की विशेषता यह है कि प्रत्येक संध्या को विशेष सत्संग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ी खेल के साथ-साथ मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा भी प्राप्त कर सकें। अनुशासन की पराकाष्ठा और निस्वार्थ सेवा भाव ने इस टूर्नामेंट को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन जैसी भव्यता प्रदान की है। 10 मार्च को समापन समारोह के साथ इस खेल उत्सव का समापन होगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More