फरीदाबाद में आधी रात को मुठभेड़, ओयो होटल के बाहर हत्या करने वाला इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से ढेर

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस ने संगीन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। सराय ख्वाजा क्षेत्र में एक ओयो होटल के सामने हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर बदमाश को क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस को भी आत्मरक्षार्थ गोली चलानी पड़ी। पुलिस की गोली लगने से घायल हुए बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त अपराध वरुण कुमार दहिया ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सराय ख्वाजा हत्याकांड का मुख्य आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर भूपानी मोड़ मास्टर रोड की तरफ आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मास्टर रोड पर सांई कालोनी के कच्चे रास्ते वाले कट के पास नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक पर आ रहे संदिग्ध को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।

आरोपी की तरफ से की गई फायरिंग में दो गोलियां पुलिस की सरकारी गाड़ी पर लगीं, जबकि एक गोली एएसआई प्रदीप को निशाना बनाकर चलाई गई। पुलिस कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत अपना बचाव किया और जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस की एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तुरंत उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। पकड़े गए आरोपी की पहचान दिल्ली के मोल्डबंद निवासी 21 वर्षीय इंद्र त्यागी उर्फ पंडित के रूप में हुई है।

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन खाली खोल और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी इंद्र त्यागी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह इसी साल अप्रैल महीने में सराय ख्वाजा क्षेत्र में मथुरा रोड पर स्थित रेड लायन ओयो होटल के सामने सचिन नामक युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य रूप से वांछित था। इसके अलावा वह पिछले साल दिसंबर में सेक्टर 31 थाना क्षेत्र के अंतर्गत अरुण और राहुल पर चाकू से हमला कर जानलेवा हमला करने के मामले में भी फरार चल रहा था। इस मुठभेड़ और हमले के संबंध में थाना भूपानी में हत्या के प्रयास की विभिन्न धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More