फर्श बाजार में आधी रात को तांडव, सब्जी विक्रेता के घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के फर्श बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के हथियारबंद बदमाशों ने सरेराह फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। ओल्ड तेजाब मिल स्थित एक मकान को निशाना बनाते हुए पांच हमलावरों ने गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वारदात बुधवार रात करीब 1:30 बजे की है। ओल्ड तेजाब मिल निवासी तालीब (29) के घर के बाहर अचानक पांच युवक पहुंचे। इनमें से दो मोटरसाइकिल पर और तीन एक स्कूटी पर सवार थे। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने घर के सामने रुकते ही पिस्तौल निकाली और एक-एक राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित तालीब सब्जी मंडी में फल और सब्जी की रेहड़ी लगाता है।

फर्श बाजार थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से दो खोखे बरामद किए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। हमलावरों की पहचान और उनके वाहनों के नंबरों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने पीड़ित तालीब के बयान दर्ज कर लिए हैं और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है, जिसे देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More