सांई कॉलोनी हत्याकांड: सूआ मारकर युवक की हत्या करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता फरार

फरीदाबाद : फरीदाबाद के सांई कॉलोनी (मवई) इलाके में 11 मई को एक युवक पर सूए से हमला कर उसकी हत्या करने के सनसनीखेज मामले को अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमले में घायल 27 वर्षीय विरेश उर्फ नन्हे की 13 मई को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा (302) जोड़ दी है। एसीपी अपराध वरुण कुमार दहिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस पूरी वारदात के पीछे पैसों के लेनदेन का विवाद था, जिसकी साजिश सेक्टर-29 निवासी साईन ने रची थी।

पुलिस के अनुसार, घटना 11 मई की है जब विरेश अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी आई-20 गाड़ी में सवार होकर आए पांच आरोपियों—अमित उर्फ मोटा, शुभम, अमित, अभिषेक और प्रवीन ने उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसी दौरान प्रवीन ने विरेश पर सूए से ताबड़तोड़ वार किए और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक के भाई मुकेश की शिकायत पर थाना खेड़ीपुल में मामला दर्ज किया गया था। अपराध शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 मई को प्रवीन को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य चार आरोपियों को 13 मई को दबोचा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीन (25), अमित उर्फ मोटा (24), शुभम (27), अमित (22) और अभिषेक (19) के रूप में हुई है। ये सभी फरीदाबाद की टीटू कॉलोनी और यमुना इंकलेव के रहने वाले हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य साजिशकर्ता साईन का मृतक विरेश के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। विरेश द्वारा पैसे देने से मना करने पर साईन ने टीटू कॉलोनी में अपने साथियों के साथ मीटिंग की और विरेश की पिटाई करने की योजना बनाई। योजना के मुताबिक 11 मई को सभी आरोपी हथियारबंद होकर आए और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वारदात में प्रयुक्त सूआ मारने वाले मुख्य आरोपी प्रवीन को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें। पुलिस अब फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता साईन की तलाश में जुटी है। एसीपी अपराध ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस मामले के अन्य दोषियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More