फेसबुक पर ‘निशा गुप्ता’ बनकर बिछाता था जाल, अश्लील वीडियो कॉल से करता था ब्लैकमेल, पुलिस ने मुख्य सरगना को राजस्थान से दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला साइबर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मेवात क्षेत्र में सक्रिय सेक्सटॉर्शन और OLX फ्रॉड रैकेट के मुख्य सरगना एवं ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर लड़कियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर पुरुषों को ब्लैकमेल करता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अबास खान (25), निवासी जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल आईफोन 14 प्रो और बैंकिंग लेन-देन के डिजिटल सबूत बरामद किए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि शालीमार बाग निवासी लक्षित गोयल (21) ने ₹2.52 लाख की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित को फेसबुक पर ‘निशा गुप्ता’ नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी, जिसके बाद व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल के दौरान उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये ऐंठे गए। इस संबंध में थाना साइबर/उत्तर-पश्चिम में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी सृष्टि भट्ट के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर दिनेश दहिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने व्हाट्सएप कॉल, फेसबुक अकाउंट और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि इस अपराध के तार मेवात क्षेत्र से जुड़े हैं। आरोपी की पहचान होने के बाद, पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से अलवर के रामगढ़ इलाके में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। मेवात का यह क्षेत्र पुलिस टीमों के लिए अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, जहाँ अक्सर पथराव और विरोध की घटनाएं होती हैं। इसके बावजूद, टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ ही मिनटों में आरोपी अबास खान को दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह लड़कियों के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पुरुषों को शिकार बनाता था। फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार होने पर वह व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करता और दूसरे डिवाइस से पहले से रिकॉर्डेड अश्लील वीडियो चलाकर पीड़ित की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर लेता था। इसके बाद पीड़ित को ब्लैकमेल कर म्यूल खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए जाते थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके गांव के कई अन्य युवक भी इसी प्रकार के साइबर अपराधों में संलिप्त हैं।

पुलिस ने आरोपी के पास से आईफोन 14 प्रो बरामद किया है, जिसमें फेसबुक चैट और व्हाट्सएप कॉल के रूप में महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और वीडियो कॉल के दौरान सतर्क रहें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More