फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव टीम ने मुठभेड़ के बाद वांछित अपराधी को दबोचा, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, पिस्टल और बाइक बरामद

फरीदाबाद: फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने संगीन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप उर्फ चेंटा के रूप में हुई है, जो गांव मच्छगर, फरीदाबाद का रहने वाला है। थाना छांयसा के अंतर्गत गांव फज्जूपुर क्षेत्र में केजीपी अंडरपास के नजदीक हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक देसी पिस्टल, 3 खाली कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस प्रभावी कार्रवाई से थाना सेंट्रल के अंतर्गत सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंदीला फूड होटल में हुई हत्या के प्रयास की वारदात का सफल खुलासा हुआ है।

सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम-2) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि 20 मई की सुबह थाना सेंट्रल के अंतर्गत सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंदीला फूड होटल पर एक कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उस पर पिस्टल तानकर जान से मारने का प्रयास करने के मामले में आरोपी संदीप उर्फ चेंटा वांछित चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम को आरोपी की धरपकड़ के लिए लगाया गया था, जो लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी का सुराग लगाने में जुटी हुई थी।

जांच के दौरान 21 मई की रात्रि को क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम को गुप्त सूत्रों से एक सटीक सूचना मिली कि आरोपी संदीप अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव चांदपुर-अटाली रोड की तरफ आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए फुर्ती दिखाई और चांदपुर-अटाली रोड पर रणनीतिक रूप से नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान जब पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर आ रहे आरोपी को रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी संदीप उर्फ चेंटा ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ 3 राउंड फायर झोंक दिए, जिसमें से 1 गोली पुलिस की गाड़ी पर और 2 गोलियां पुलिस टीम पर चलाई गईं। पुलिस टीम ने सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली आरोपी संदीप के बाएं पैर में जा लगी और वह मोटरसाइकिल सहित वहीं गिर गया। पुलिस टीम ने तुरंत उसे अपनी कस्टडी में ले लिया और इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी स्थिति पूरी तरह सामान्य और खतरे से बाहर है।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आरोपी संदीप उर्फ चेंटा एक आदतन और बेहद शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट के तहत फरीदाबाद, करनाल और राजस्थान के भिवाड़ी में 7 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और चोरी/वारदात में इस्तेमाल बाइक को कानून के तहत जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने व अवैध हथियार रखने के संबंध में आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More