पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से मिला विहिप का प्रतिनिधिमंडल, नशा मुक्ति और आत्मरक्षा पर बनी साझा रणनीति

नई दिल्ली: दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुटता दिखाने के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद (विहिप), इंद्रप्रस्थ दिल्ली प्रांत के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान दिल्ली में उभरती सुरक्षा चुनौतियों, धार्मिक आयोजनों की व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस बैठक में पुलिस और नागरिक संगठनों के बीच समन्वय बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और महिला सुरक्षा को लेकर ठोस सहमति बनी। पुलिस आयुक्त ने आश्वस्त किया कि दिल्ली पुलिस इन मुद्दों पर अत्यंत संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। विशेष रूप से यह निर्णय लिया गया कि ‘नशा मुक्ति युवा अभियान’ के तहत दिल्ली पुलिस और विश्व हिंदू परिषद संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे। इसके अलावा, राजधानी की बेटियों और बहनों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण और सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों में भी दोनों पक्ष मिलकर धरातल पर कार्य करेंगे।

विहिप प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रही चुनौतियों और धार्मिक आयोजनों से जुड़े विषयों को आयुक्त महोदय के समक्ष रखा। विहिप के प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने संवाद के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सहयोग और निरंतर संवाद ही लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस समन्वयपूर्ण वातावरण से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलेगी।

पुलिस आयुक्त से भेंट करने वाली इस प्रतिनिधि में विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष राजीव साहनी, प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता, प्रांत संगठन मंत्री सुबोध चंद्र और बजरंग दल के प्रांत संयोजक जगजीत सिंह शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त के सकारात्मक दृष्टिकोण और रचनात्मक सहयोग के आश्वासन के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। विहिप के प्रचार-प्रसार टोली के सदस्य प्रणव गोस्वामी ने बताया कि आने वाले समय में इन संयुक्त पहलों के सकारात्मक परिणाम दिल्ली की जनता के बीच दिखाई देंगे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More