दिल्ली क्राइम ब्रांच की बदमाशों से मुठभेड़; कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार, एक घायल

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (AGS) ने द्वारका के UER-II इलाके में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद दो खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ ‘नंदू गैंग’ से जुड़े ‘विक्की संन्यासी’ गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन गोलियां चलाईं। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी भारत उर्फ मन्नी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारत उर्फ मन्नी (23) और वीरज उर्फ ‘विरोधी’ (23) के रूप में हुई है। इन बदमाशों ने हाल ही में बिंदापुर इलाके में एक कारोबारी के दफ्तर पर फायरिंग की थी और जमीन विवाद को सुलझाने के लिए उसे धमकाया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये दोनों आरोपी अपनी लोकेशन बदलकर छिप रहे हैं। एसीपी भगवती प्रसाद के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम के हेड कांस्टेबल अमित कुमार ने अपनी जान जोखिम में डालकर इनका पीछा किया और इन्हें दबोच लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि भारत उर्फ मन्नी पिछले महीने 21 जनवरी को ही तिहाड़ जेल से बाहर आया था। जेल में उसकी मुलाकात गैंगस्टर विनोद उर्फ ‘विक्की संन्यासी’ से हुई थी, जो नंदू गैंग का करीबी सहयोगी है। जेल में बंद विक्की संन्यासी के निर्देश पर ही मन्नी और उसके साथी ने उत्तम नगर इलाके में एक प्लॉट के विवाद को लेकर कारोबारी पर फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। वारदात के लिए उन्होंने फरवरी के पहले हफ्ते में ही एक स्कूटी छीनी थी ताकि रेकी की जा सके।

22 फरवरी की तड़के करीब 02:10 बजे जब पुलिस ने UER-II के पास स्कूटी सवार इन बदमाशों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। हेड कांस्टेबल अमित कुमार पर एक गोली चलाई गई, जिसमें वे बाल-बाल बचे। जवाबी फायरिंग में मन्नी घायल हो गया, जबकि उसके साथी वीरज उर्फ विरोधी की पिस्टल जाम हो गई, जिससे पुलिस टीम की जान बच गई।

पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, 4 खाली कारतूस, 3 जिंदा राउंड और चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। आरोपी भारत उर्फ मन्नी पर पहले से ही लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, वीरज उर्फ विरोधी पहले बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था, लेकिन नशे की लत और मन्नी की संगत में आकर वह अपराध की दुनिया में शामिल हो गया। क्राइम ब्रांच अब इस मामले में बड़े षड्यंत्र के कोण से जांच कर रही है कि जेल में बंद गैंगस्टर किस तरह स्थानीय अपराधियों को हायर कर रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More