मजलिस पार्क में आग बुझाते समय फटा सिलेंडर, 3 पुलिसकर्मियों व 3 दमकलकर्मियों सहित 13 झुलसे

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र स्थित मजलिस पार्क की गली नंबर-6 में रविवार सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब एक मकान की स्टिल्ट पार्किंग में लगी आग बुझाने के दौरान एलपीजी सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस हृदयविदारक घटना में अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचा रहे तीन पुलिसकर्मियों और वजीरपुर फायर स्टेशन के तीन दमकलकर्मियों सहित कुल 13 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

सुबह करीब 9:00 बजे जब मकान संख्या सी-45 की पार्किंग से धुएं का गुबार उठा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकलकर्मी और पुलिस के जांबाज जवान जब आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे, तभी पार्किंग में रखा एक गैस सिलेंडर भीषण विस्फोट के साथ फट गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि बचाव कार्य में जुटे जवान और आसपास खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए। आनन-फानन में सभी घायलों को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More