पुष्प विहार में 5.20 करोड़ के विकास कार्यों का आगाज, सांसद बिधूड़ी ने किया शुभारंभ

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए रविवार को पुष्प विहार वार्ड में 5.20 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कालकाजी वार्ड के बाद अब पुष्प विहार में शुरू हुए इन कार्यों को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह है। इस अवसर पर सांसद बिधूड़ी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार उन इलाकों तक विकास पहुंचा रही है, जो दशकों से उपेक्षित थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के सबसे निचले स्तर तक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

अम्बेडकर नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुष्प विहार वार्ड के लिए यह राशि मुख्यमंत्री विकास फंड से आवंटित की गई है। सांसद बिधूड़ी ने बताया कि 5 करोड़ 20 लाख रुपये की इस भारी-भरकम राशि से वार्ड में टूटी सड़कों, नालियों और नालों का नवनिर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, इस फंड का उपयोग क्षेत्र के पार्कों के सौंदर्यीकरण, कम्युनिटी सेंटर और स्कूलों की स्थिति सुधारने में भी किया जाएगा। विशेष रूप से मदनगीर पुनर्वास कॉलोनी जैसी बस्तियों पर ध्यान दिया गया है, जहां लंबे समय से विकास कार्य लंबित थे।

बिधूड़ी ने कहा कि इससे पहले कालकाजी वार्ड के लिए भी 8.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार विकास के मामले में कोई भेदभाव नहीं कर रही है और बुनियादी सुविधाओं का लाभ हर गली-कूचे तक पहुंचाया जा रहा है। सड़कों और नालियों के निर्माण से क्षेत्र में जलभराव और आवाजाही की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और निवासियों ने सांसद का स्वागत किया और विकास कार्यों की शुरुआत पर खुशी जाहिर की।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More