पंजाबी बाग पुलिस ने 15 आपराधिक मामलों में शामिल शातिर लुटेरे ‘मिर्ची’ को दबोचा; चोरी की स्कूटी और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की पंजाबी बाग थाना टीम ने मादीपुर इलाके में गश्त के दौरान एक खूंखार लुटेरे और ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भरत उर्फ मिर्ची के रूप में हुई है, जो पहले से ही लूट, झपटमारी और चोरी जैसे 15 गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक बटनदार चाकू और सराय रोहिल्ला इलाके से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 20 फरवरी की रात मादीपुर चौकी की पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त पर थी। रात करीब 08:15 बजे जब टीम झील वाला पार्क स्थित कूड़ा खट्टा के पास पहुँची, तो उन्होंने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को झील पार्क से पश्चिम पुरी की ओर आते देखा। पुलिस टीम को सामने देख स्कूटी सवार ने अचानक यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए उसका पीछा किया और महज 10-15 कदमों की दूरी पर उसे दबोच लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान भरत उर्फ मिर्ची (32), निवासी जेजे कॉलोनी, मादीपुर के रूप में बताई। जब स्कूटी के नंबर की जांच ‘जिपनेट’ के माध्यम से की गई, तो पता चला कि उक्त स्कूटी 6 दिसंबर 2025 को सराय रोहिल्ला थाने के अधिकार क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, भरत उर्फ मिर्ची एक आदतन अपराधी है और उस पर लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के 15 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस संबंध में पंजाबी बाग थाने में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। इस गिरफ्तारी से स्कूटी चोरी और अवैध हथियार रखने के दो मामले सुलझा लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More