लश्कर-ए-तैयबा के इशारे पर दिल्ली दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, 7 बांग्लादेशियों समेत 8 आतंकी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक राष्ट्रव्यापी ऑपरेशन चलाकर लश्कर-ए-तैयबा के इशारे पर राजधानी को दहलाने की बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए कुल 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 7 बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। इस पूरे मॉड्यूल का नेतृत्व कश्मीर का सजायाफ्ता आतंकी शब्बीर अहमद लोन कर रहा था। पुलिस ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के तिरुप्पुर से बांग्लादेशी निवासी मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद उज्जल, रोबिल उल इस्लाम और मालदा, प. बंगाल निवासी उमर फारूक को दबोचा है। इनके कब्जे से 12 से अधिक मोबाइल फोन, 16 से ज्यादा फर्जी सिम कार्ड, कई जाली आधार कार्ड और संवेदनशील ठिकानों की रेकी के वीडियो बरामद किए गए हैं।

इस पूरे मॉड्यूल का खुलासा बीते 7 फरवरी को दिल्ली के कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के पास मिले देशविरोधी पोस्टरों से हुआ। मेट्रो पिलरों पर आतंकी बुर्हान वानी की प्रशंसा और ‘फ्री कश्मीर’ जैसे भड़काऊ नारे लिखे गए थे। दिल्ली पुलिस और सीआईएसएफ की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कड़ियां जुड़ती गईं, जिसका सिरा पश्चिम बंगाल के मालदा और कोलकाता तक जा पहुंचा। स्पेशल सेल ने पहले उमर फारूक और बांग्लादेशी नागरिक रोबिल उल इस्लाम को दबोचा, जिनसे पूछताछ में तमिलनाडु में सक्रिय एक बड़े नेटवर्क का पता चला।

आतंकियों ने छिपने के लिए तमिलनाडु के तिरुप्पुर को अपना सुरक्षित ठिकाना बनाया था। स्पेशल सेल की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर उथुकुली, पल्लादम और तिरुमुरुगनपूंडी की गारमेंट यूनिट्स में छापेमारी कर छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। इनके पास से 12 से अधिक मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड और भारी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे मॉड्यूल का संचालक कश्मीर के गांदरबल का रहने वाला कुख्यात आतंकी शब्बीर अहमद लोन है। शब्बीर का आतंकी इतिहास पुराना है; उसे 2007 में एके-47 और ग्रेनेड के साथ दिल्ली में एक वीआईपी नेता पर फिदायीन हमले की साजिश रचते हुए पकड़ा गया था। साल 2019 में जेल से रिहा होने के बाद वह बांग्लादेश भाग गया और वहां से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और लश्कर के आकाओं के निर्देश पर इस स्लीपर सेल को पुनर्जीवित किया।

जांच में सामने आया है कि इन संदिग्धों ने दिल्ली और कोलकाता की कई संवेदनशील जगहों की रेकी की थी, जिसके वीडियो भी बरामद हुए हैं। ये लोग दिल्ली में ‘सेफ हाउस’ किराए पर लेने और देशविरोधी भावनाओं को भड़काने की फिराक में थे। पुलिस का मानना है कि इन गिरफ्तारियों से लश्कर के एक बड़े स्लीपर सेल नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है, जो भारत में ‘लोन वुल्फ’ अटैक या बड़े धमाकों को अंजाम देने की तैयारी में था। फिलहाल सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है, जहां पूछताछ में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More