चंद घंटों में लूट की कई वारदातें करने वाला ‘शूटर’ गैंग बेनकाब, पुलिस ने नाबालिग सरगना समेत तीन को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की ‘द्वारका साउथ’ थाना टीम ने एक सराहनीय कार्य करते हुए एक ऐसे शातिर लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने महज कुछ ही घंटों के भीतर इलाके में लूट और झपटमारी की कई वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने इस गिरोह के नाबालिग मास्टरमाइंड सहित दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया है। इनके कब्जे से एक देसी कट्टा, कारतूस और वारदातों में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इस गिरोह का सरगना अपने भाई के नक्शेकदम पर चल रहा था, जो पहले से ही तिहाड़ जेल में बंद है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 29 और 30 जनवरी की दरमियानी रात पुलिस को जेप्टो स्टोर के एक डिलीवरी बॉय से मोबाइल लूट की सूचना मिली थी। पीड़ित सेक्टर-8 द्वारका के पास डिलीवरी देकर लौट रहा था, तभी दो बाइकों पर सवार चार लड़कों ने उसे डरा-धमकाकर उसका मोबाइल छीन लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एएसआई महावीर, हेड कांस्टेबल प्रवीण, संदीप, नरेश, मनोज और कांस्टेबल तुषार शामिल थे।

टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पता चला कि इसी गिरोह ने उस रात एक टैक्सी ड्राइवर की भी बेरहमी से पिटाई कर उसका मोबाइल लूटा था और कुछ ही समय में चार अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया था। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-8 द्वारका से दो आरोपियों—सलीम उर्फ शूटर (19) और उदय कुमार (19) को अवैध हथियार के साथ दबोच लिया। बाद में गिरोह के नाबालिग सरगना को भी पकड़ लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि 19 वर्षीय सलीम उर्फ शूटर सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालकर अपना खौफ पैदा करना चाहता था। वहीं, गिरोह का सरगना महज 17 साल का नाबालिग है, जिसका भाई पुलिस पर फायरिंग के मामलों में तिहाड़ जेल में बंद है। आरोपियों ने बताया कि लूट के बाद वे मोबाइल अपने साथी विकास उर्फ केला को बेचने के लिए देते थे। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे व हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। इस कार्रवाई से थाना द्वारका साउथ में दर्ज लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के कुल 06 मामले सुलझा लिए गए हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More