दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन शास्त्र’: सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ महा-अभियान; 67 गिरफ्तार, 69 हथियार बरामद

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने और खुद को ‘डॉन’ के रूप में पेश करने वाले युवाओं और अपराधियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा मोर्चा खोल दिया है। पुलिस कमिश्नर सतीश गोलच के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन शास्त्र’ लॉन्च किया गया है। इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हथियारों के महिमामंडन को रोकना और इससे पैदा होने वाली आपराधिक संस्कृति को जड़ से खत्म करना है।

6000 प्रोफाइल स्कैन और 82 पर गिरी गाज

दिल्ली पुलिस की 500 से अधिक विशेष टीमों, जिनमें स्पेशल स्टाफ, साइबर सेल और स्थानीय थानों के 2000 से अधिक जवान शामिल थे, ने सोशल मीडिया की 6000 से अधिक प्रोफाइलों का गहन विश्लेषण किया। इस तकनीक-आधारित जांच के बाद पुलिस ने कुल 61 एफआईआर दर्ज की हैं। अब तक 67 वयस्कों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 15 नाबालिगों को भी इस मामले में कानून के दायरे में लिया गया है।

बड़ी मात्रा में अवैध असलहा बरामद

इस प्रो-एक्टिव पुलिसिंग के परिणामस्वरूप दिल्ली पुलिस ने न केवल आरोपियों को पकड़ा, बल्कि भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं। ऑपरेशन के दौरान अब तक 69 अवैध हथियार, 93 जिंदा कारतूस और 13 धारदार चाकू/हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से भविष्य में होने वाली कई संभावित आपराधिक वारदातों और डराने-धमकाने की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

रील का चस्का और अपराधी बनने की होड़

जांच में सामने आया कि ज्यादातर युवा केवल सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने, रील पर लाइक पाने और वर्चस्व दिखाने के लिए हथियारों के साथ वीडियो बनाते थे। वे लोकप्रिय संगीत और गैंगस्टर स्टाइल की नकल कर रहे थे, जिससे वे अनजाने में अपराध की दुनिया की ओर खिंचे चले जा रहे थे। पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने स्पष्ट किया कि आधुनिक पुलिसिंग तकनीक और कानून का मेल है। हमारा उद्देश्य केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि युवाओं को सही दिशा देना और जागरूकता फैलाना भी है।

पुलिस की चेतावनी और सलाह

दिल्ली पुलिस ने जनता, विशेषकर युवाओं और अभिभावकों के लिए परामर्श जारी किया है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी जा सकती है। दिल्ली पुलिस ‘ऑपरेशन शास्त्र’ के जरिए डिजिटल सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More