सोशल मीडिया पर रील बनाना पड़ा भारी: हथियार लहराकर ‘लाइक’ बटोरने वाला गिरफ्तार, अवैध पिस्तौल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की एंटी-बर्गरली सेल ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले एक उभरते हुए अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर ‘सन्नी बाबा’ के नाम से प्रोफाइल बनाकर अवैध हथियारों के साथ रील डालता था, ताकि उसे ज्यादा लाइक और व्यूज मिल सकें। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और रील डालने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। इसी कड़ी में एंटी-बर्गरली सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर विवेक मेंदोला के नेतृत्व में एक टीम सोशल मीडिया की गश्त कर रही थी। तभी एएसआई राजेश को ‘सन्नी बाबा’ नाम की एक प्रोफाइल मिली, जिसमें एक युवक हथियार लहराता दिख रहा था। एसीपी ऑपरेशंस रविंद्र अहलावत की देखरेख में टीम ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू की।

हेड कांस्टेबल नरेश ने पोस्ट के आईपी एड्रेस का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान सन्नी निवासी बहादुरगढ़ के रूप में की। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए हरियाणा के बहादुरगढ़, छावला और बाबा हरिदास नगर में कई जगह छापेमारी की। आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सन्नी किसी वारदात के इरादे से या हथियार की डिलीवरी देने के लिए गोयला गांव के पास आने वाला है। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी सन्नी (22) को घेराबंदी कर दबोच लिया।

पूछताछ में सन्नी ने खुलासा किया कि वह मूल रूप से बिहार के मधुबनी का रहने वाला है और बहादुरगढ़ में बस क्लीनर का काम करता है। उसे सोशल मीडिया पर मशहूर होने का जुनून सवार था। जनवरी 2026 में जब वह अपने गांव गया, तो एक दोस्त की सलाह पर उसने ज्यादा ‘फॉलोअर्स’ जुटाने के लिए हथियार खरीदा और उसके साथ रील बनाकर पोस्ट कर दी। पुलिस ने छावला थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More