जेल से छूटते ही फिर शुरू की स्नैचिंग, बिंदापुर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा शातिर बदमाश, लूटा गया मोबाइल मिला

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस के बिंदापुर थाने की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इलाके में सक्रिय एक कुख्यात बदमाश और उत्तम नगर थाने के घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी कमल कुमार उर्फ राजू स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में माहिर है और उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी पर पहले से ही चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के 17 से अधिक मामले दर्ज हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह के मुताबिक, मामला 24 जनवरी की शाम का है, जब विकास विहार निवासी अंश से वाणी विहार में एक अज्ञात युवक ने मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया। आरोपी ने पीली शर्ट और नीली जैकेट पहनी थी। शिकायत के आधार पर बिंदापुर थाने में धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

वारदात को सुलझाने के लिए बिंदापुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नीरज, कांस्टेबल राजेश और आशीष की एक विशेष टीम बनाई गई। एसीपी डाबरी राजकुमार की देखरेख में टीम ने घटनास्थल के आसपास के लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। कड़ी मेहनत के बाद फुटेज में एक संदिग्ध दिखा, जिसकी पहचान उत्तम नगर थाने के कुख्यात अपराधी कमल कुमार उर्फ राजू के रूप में हुई।

पुलिस ने 30 जनवरी को जाल बिछाकर आरोपी को उत्तम नगर से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटा हुआ मोबाइल और वारदात के समय पहने हुए कपड़े बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह कोई काम नहीं करता और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता है। वह महज 20 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। फिलहाल पुलिस उससे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More