बरेली से लाकर दिल्ली में खपा रहा था हेरोइन, द्वारका एंटी-नारकोटिक्स सेल ने तस्कर को दबोचा

नई दिल्ली:  दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 117 ग्राम हाई क्वालिटी हेरोइन बरामद की है। पकड़ा गया तस्कर उत्तर प्रदेश के बरेली से नशे की खेप लाकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि देश को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत जिले की टीमें लगातार ड्रग पेडलर्स पर नजर रख रही हैं। इसी कड़ी में एंटी-नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि बरेली का रहने वाला मोहम्मद नजाकत दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में हेरोइन की बड़ी खेप पहुंचाने आने वाला है।

एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत की देखरेख में एसआई सुनील, एएसआई दिनेश और हेड कांस्टेबल अजय की टीम ने उत्तम नगर के कबाड़ी रोड पर जाल बिछाया। 29 जनवरी की तड़के जैसे ही आरोपी मोहम्मद नजाकत वहां पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 117 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी ज्यादा है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी मोहम्मद नजाकत (24) ने खुलासा किया कि वह यह नशा उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर से लेकर आया था। वह दिल्ली-एनसीआर में छोटे पेडलर्स को ऊंचे दामों पर हेरोइन सप्लाई करता था। पुलिस ने उत्तम नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस बरेली के उस मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है, जो नजाकत को यह खेप मुहैया कराता था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More