जसोला के पैसिफिक मॉल में लगी आग, पुलिस और दमकल विभाग की मुस्तैदी से टला बड़ा खतरा

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जसोला स्थित पैसिफिक मॉल में शनिवार दोपहर आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। सरिता विहार थाना पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस के बीच शानदार समन्वय के चलते एक बड़ी दुर्घटना को समय रहते टाल दिया गया। त्वरित कार्रवाई की वजह से आग पर कुछ ही मिनटों में काबू पा लिया गया, जिससे मॉल में मौजूद किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12:20 बजे सरिता विहार थाने में एक पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि पैसिफिक मॉल परिसर में आग लग गई है। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम और फायर टेंडर की गाड़ियाँ महज कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुँच गईं। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत मोर्चा संभाला और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।

शुरुआती जांच में पता चला है कि आग मॉल की छठी मंजिल पर स्थित एक ऑफिस स्पेस में लगी थी, जहाँ फिलहाल रिनोवेशन का काम चल रहा था। आग लगने का मुख्य कारण वेल्डिंग का काम बताया जा रहा है। वेल्डिंग के दौरान निकलने वाली चिंगारी पास में पड़ी थर्माकोल की शीट पर जा गिरी, जिससे धुंआ उठने लगा और आग फैल गई।

गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और न ही किसी को कोई चोट आई है। संपत्ति का नुकसान भी बेहद मामूली है, जो केवल निर्माण सामग्री तक ही सीमित रहा। पुलिस ने मॉल प्रबंधन और निर्माण कार्य में लगे लोगों को सुरक्षा मानकों के पालन की कड़ी चेतावनी दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More