अवैध शराब की सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, वैगन-आर कार से 40 पेटी शराब बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वेस्ट जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जा रहे एक शातिर सप्लायर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैगन-आर कार और 40 पेटी हरियाणा मार्का अवैध शराब बरामद की गई है।

वेस्ट जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि स्पेशल स्टाफ को थोक सप्लायरों पर नकेल कसने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 5 फरवरी को टीम को एक सटीक सूचना मिली कि सफेद रंग की वैगन-आर कार के जरिए पंजाबी बाग नाला रोड से शिवाजी कॉलेज रोड की ओर अवैध शराब की एक बड़ी खेप ले जाई जाने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाना शुरू कर दिया।

स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश मौर्य के नेतृत्व में एसआई संजीत राणा, एएसआई कप्तान और हेड कांस्टेबल देवेंद्र व विजय की एक विशेष टीम गठित की गई। एसीपी ऑपरेशंस विजय सिंह की देखरेख में टीम ने शिवाजी कॉलेज रोड पर घेराबंदी की। शाम करीब 5:15 बजे संदिग्ध कार के आते ही पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। तलाशी लेने पर कार के भीतर से 40 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें ‘संतरा’ और ‘रेस 7’ ब्रांड के क्वार्टर शामिल थे।

पुलिस ने आरोपी शाहिद (22), जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला है, को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। राजौरी गार्डन थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब की सप्लाई करने जा रहा था। फिलहाल पुलिस इस रैकेट के मुख्य सरगना की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More