दिल्ली हाईकोर्ट का वांछित वारंटी चढ़ा पुलिस के हत्थे, लूट की कई वारदातों में था शामिल

नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद पर्वत जिला पुलिस की ‘क्रैक टीम’ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट के वांछित वारंटी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी खुशविंदर पिछले काफी समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लुका-छिपी का खेल खेल रहा था। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत जाल बिछाकर इस शातिर लुटेरे को उस समय दबोच लिया, जब वह अपने ठिकाने बदलने की फिराक में था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि भगोड़ों और जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आनंद पर्वत थाने की टीम रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच कर रही थी। तभी 4 फरवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि साल 2012 के एक गंभीर लूट के मामले में वांछित अपराधी खुशविंदर, निवासी पंजाबी बस्ती, इलाके में देखा गया है। बता दें कि इस आरोपी के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट (जस्टिस अमित महाजन) द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी सुभाश चंद्रा के नेतृत्व में एसआई अजीत और हेड कांस्टेबल जितेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई। एसीपी पटेल नगर सुनील कुमार के दिशा-निर्देशन में पुलिस टीम ने पंजाबी बस्ती के पास घेराबंदी की और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी खुशविंदर (35) को धर दबोचा।

आरोपी खुशविंदर साल 2012 में दर्ज एफआईआर संख्या 22/12, धारा 392/394/397/34 के तहत मुख्य आरोपी है। पूछताछ में पता चला कि वह जानबूझकर अदालती कार्यवाही से बच रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कश्मीरी गेट थाने में झपटमारी और चोरी के कई मामलों में शामिल पाया गया है। फिलहाल पुलिस उसे अदालत में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More