जस्ट डायल पर फर्जी विक्रेता बनकर 13.30 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फरीदाबाद पुलिस ने दिल्ली से दबोचा

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी विक्रेता बनकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने जस्ट डायल ऐप के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी विकास (44) को दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके से गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद के सेक्टर-85 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान की जरूरत थी। उन्होंने जस्ट डायल ऐप पर सर्च किया, जहां आरोपी विकास ने खुद को एक बड़ा विक्रेता दर्शाया हुआ था। आरोपी ने पीड़ित को विश्वास में लेकर सामान का ऑर्डर बुक किया और एडवांस पेमेंट के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 13,30,000/- रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

पैसे मिलते ही बंद कर दिया फोन पेमेंट मिलने के बाद जब निर्धारित समय पर सामान की डिलीवरी नहीं हुई, तो पीड़ित ने आरोपी से संपर्क किया। आरोपी विकास शुरुआत में बहाने बनाकर समय टालता रहा और कुछ समय बाद उसने पीड़ित का फोन उठाना भी बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज करवाया।

तीन दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विकास ने जस्ट डायल पर फर्जी आईडी और क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल कर खुद को विक्रेता के रूप में लिस्ट किया था। पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि आरोपी ने अब तक और कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है और ठगी की गई राशि कहां ठिकाने लगाई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More