शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 47.75 लाख की ठगी, फरीदाबाद पुलिस ने कानपुर से दो आरोपियों को दबोचा

फरीदाबाद: साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 47.75 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद अर्श (20) और मोहम्मद तासिफ (28) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-88 निवासी एक व्यक्ति ठगों के “यस सिक्योरिटी” नामक व्हाट्सएप ग्रुप के जाल में फंस गया था। ठगों ने उसे इंट्रा-डे ट्रेडिंग और आईपीओ में भारी मुनाफे का प्रलोभन दिया, जिसके झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 47,75,000/- रुपये निवेश कर दिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद ठगों ने संपर्क तोड़ दिया, जिसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मोहम्मद तासिफ कानपुर में ड्राई फ्रूट की दुकान चलाता है, जबकि अर्श बेरोजगार है। अर्श ने ही तासिफ का बैंक खाता लेकर मुख्य ठगों को उपलब्ध कराया था। जिस खाते में ठगी की राशि में से 4.5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। ये आरोपी साइबर अपराधियों को बैंक खाते मुहैया कराने का काम करते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस इनसे मुख्य सरगनाओं और अन्य बैंक खातों के बारे में जानकारी जुटाएगी। फरीदाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर मिलने वाले निवेश के प्रलोभनों से बचें और केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही निवेश करें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More