शेयर मार्केट निवेश का झांसा देकर 72.74 लाख की ठगी: फरीदाबाद पुलिस ने दिल्ली से दबोचे दो दोस्त

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने सेक्टर-81 निवासी एक व्यक्ति से 72,74,882 रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को दिल्ली के आर.के. पुरम इलाके से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हासिम (29) और रोहित चौहान (29) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीड़ित को सितंबर 2025 में व्हाट्सएप पर निवेश संबंधी एक मैसेज मिला था, जिसके बाद उसे एक ग्रुप में जोड़कर फर्जी ऐप के जरिए निवेश करने का लालच दिया गया। ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 72.74 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब पीड़ित ने अपना मुनाफा निकालना चाहा, तो ठगों ने और पैसों की मांग शुरू कर दी, जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ।

पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पकड़े गए दोनों आरोपी पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं और आपस में गहरे दोस्त हैं। उन्होंने महज थोड़े से कमीशन के लालच में आकर एक ज्वाइंट बैंक खाता खुलवाया और उसे मुख्य साइबर ठगों को उपलब्ध करा दिया। जांच में सामने आया कि पीड़ित द्वारा ठगी गई राशि में से करीब 2 लाख रुपये इन्हीं के खाते में ट्रांसफर हुए थे।

साइबर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि उन्होंने अब तक कितने बैंक खाते ठगों को बेचे हैं और इस गिरोह के मुख्य सरगना कौन हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More