सोशल मीडिया पर ‘ऑल प्रॉब्लम्स सॉल्यूशंस’ के नाम से बनाया था सिंडिकेट, प्यार और शादी की समस्या सुलझाने के नाम पर ठगने वाले दो रूममेट्स गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की साइबर थाना पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की भावनाओं और आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बहुत बड़े देशव्यापी ऑनलाइन आध्यात्मिक धोखाधड़ी (स्पिरिचुअल स्कैम) रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तकनीकी विश्लेषण और जमीनी इनपुट्स के आधार पर पंजाब के मोहाली (खरड़) में स्थित एक फ्लैट पर छापा मारकर दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश (21) और मनदीप सिंह (21) के रूप में हुई है, जो दोनों मूल रूप से श्रीगंगानगर, राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल होने वाले 5 हाईटेक स्मार्टफोन, “ऑल प्रॉब्लम्स सॉल्यूशंस” नाम से संचालित सक्रिय व्हाट्सएप अकाउंट, ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाली कई फर्जी महिला इंस्टाग्राम व फेसबुक प्रोफाइल्स और करीब 2,000 से अधिक पीड़ितों से बातचीत का डिजिटल डेटा बरामद किया है। इस प्रभावी कार्रवाई से सेंट्रल जिला साइबर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का सफल खुलासा हुआ है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि इस अनूठे साइबर फ्रॉड का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि सोशल मीडिया पर आध्यात्मिक उपचार और तांत्रिक समाधान देने का दावा करने वाले कुछ लोगों ने उसकी व्यक्तिगत समस्याओं का फायदा उठाकर उसे भावनात्मक रूप से मैनिपुलेट किया। विशेष अनुष्ठान, पूजा सामग्री और तांत्रिक उपायों के नाम पर आरोपियों ने पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में कुल ₹2,51,000 की रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली। पीड़ित की शिकायत पर सेंट्रल जिला साइबर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत ई-एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए साइबर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर योगराज दलाल के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर गौरव सिंह, हेड कांस्टेबल क्रांति, हीरालाल और भारत सिंह की एक समर्पित विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच टीम ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे व्हाट्सएप नंबरों, इंस्टाग्राम अकाउंट्स के लॉगिन सेशन, आईपी डिटेल्स और वित्तीय लेन-देन के ट्रेल का गहन फॉरेंसिक विश्लेषण किया। निरंतर तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन पंजाब के मोहाली अंतर्गत खरड़ इलाके में ट्रेस की। दिल्ली पुलिस की टीम ने तुरंत खरड़ में एक फ्लैट पर छापा मारा और मौके से दोनों आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अनोखे मॉडस ऑपेरंडी का खुलासा करते हुए बताया कि वे इंस्टाग्राम और फेसबुक पर “जैनब खान”, “मुस्कान खान”, “कविता चौधरी”, “ज़ारा खान” और “इस्लाम वज़ीफ़ा” जैसी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाते थे। इसके बाद वे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक और ट्रेंडिंग पोस्ट्स के नीचे कमेंट करते थे और अपनी ही फर्जी कहानियों को शेयर करते थे कि कैसे एक “महान आध्यात्मिक गुरु” ने उनके प्यार, शादी, नौकरी या पारिवारिक विवाद को चुटकियों में सुलझा दिया।

जब कोई परेशान या भावुक व्यक्ति इन टिप्पणियों को पढ़कर मदद के लिए उन फर्जी प्रोफाइल्स पर मैसेज करता था, तो आरोपी खुद को आध्यात्मिक गुरु या हीलर बताकर अपना व्हाट्सएप नंबर साझा कर लेते थे। इसके बाद वे पीड़ितों को डराकर या उनकी भावनाओं का फायदा उठाकर पूजा, अनुष्ठान और तंत्र-मंत्र के नाम पर पेटीएम और क्यूआर कोड के जरिए हजारों-लाखों रुपये ऐंठ लेते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी रूममेट्स हैं और उच्च शिक्षित हैं। इनमें से आरोपी गणेश दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से बीए चौथे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा है, जबकि मनदीप सिंह बीए स्नातक होने के साथ-साथ डीजल इंजन मैकेनिक में आईटीआई पास है। पुलिस को उनके फोन से मिले दस्तावेजों से पता चला है कि वे देश भर के 2,000 से अधिक लोगों को अपने जाल में फंसाकर बातचीत कर रहे थे। पुलिस ने इनके सभी खातों और क्यूआर कोड को ब्लॉक करवा दिया है और अब इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश के साथ-साथ ठगी गई पूरी रकम के मनी ट्रेल को खंगालने में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More