कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने 30 साल से सक्रिय शातिर ऑटो लिफ्टर को किया गिरफ्तार, चोरी के तीन ऑटो बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने ऑटो-रिक्शा चोरी करने वाले एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो पिछले तीन दशकों से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। आरोपी मोहम्मद अफजल (50) न केवल एक कुशल ऑटो ड्राइवर है, बल्कि वह ऑटो का बेहतरीन मैकेनिक भी है, जिसका फायदा वह चोरी की वारदातों में उठाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के तीन ऑटो-रिक्शा बरामद कर वाहन चोरी के तीन मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

उत्तरी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित कुमार झा ने बताया कि 19 जनवरी को हरवीर सिंह नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वे एक अंतिम संस्कार में शामिल होने निगम बोध घाट आए थे, तब उनकी पार्किंग में खड़ी ऑटो चोरी हो गई। इस संबंध में कश्मीरी गेट थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर प्रशांत यादव के नेतृत्व में एसआई उमेश कुमार शर्मा और उनकी टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और एएनपीआर कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अफजल को ट्रेस किया। 29 जनवरी की शाम को सूचना मिली कि आरोपी चोरी के ऑटो के साथ आईएसबीटी के पास आने वाला है, जिसके बाद केला घाट क्रॉसिंग के पास जाल बिछाकर उसे दबोच लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी अफजल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह पिछले 30 सालों से दिल्ली में ऑटो चला रहा है, लेकिन कम कमाई के कारण उसने चोरी का रास्ता चुना। वह एक विशेष ‘टी-शेप’ औजार का उपयोग कर कुछ ही सेकंड में ऑटो का लॉक तोड़ देता था। मैकेनिक होने के कारण वह चोरी के बाद ऑटो के हुलिए को बदल देता था या उसके पुर्जे निकालकर बाजार में बेच देता था।

त्रिलोकपुरी निवासी अफजल पर पहले से ही वाहन चोरी के 12 मामले दर्ज हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लाल किला और कोटला ईस्ट इलाके से दो अन्य चोरी के ऑटो भी बरामद किए हैं, जो सीमापुरी और कमला मार्केट इलाकों से चोरी किए गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चोरी के पुर्जे किन कबाड़ियों को बेचता था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More