बरेली से लाता था ड्रग्स और दिल्ली में करता था सप्लाई: 1.5 करोड़ की खेप के साथ पकड़ा गया शातिर तस्कर

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की उत्तरी जिला इकाई ने ड्रग तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने सिविल लाइंस इलाके में घेराबंदी कर एक शातिर ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 339.5 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित कुमार झा ने बताया कि 4 फरवरी की शाम को गुप्त सूचना मिली थी कि ‘गुड्डू’ नामक एक व्यक्ति, जो मजनू का टीला का निवासी है, बुलेट मोटरसाइकिल पर स्मेक की बड़ी खेप लेकर रिंग रोड से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संजय कुमार (इंचार्ज एंटी नारकोटिक्स सेल) के नेतृत्व में एसआई जगबीर, एसआई रिंकू और अन्य जवानों की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर के पास रणनीतिक जाल बिछाया। शाम करीब 7:40 बजे चंदगीराम अखाड़े की ओर से आ रही एक बुलेट मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। मुखबिर की पहचान पर पुलिस ने सवार को हिरासत में लिया, जिसकी पहचान गुड्डू (24) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक काले रंग की पॉलीथीन मिली, जिसमें 339.5 ग्राम हेरोइन छिपाई गई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी गुड्डू ने खुलासा किया कि वह पिछले 3-4 वर्षों से नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। बरामद हेरोइन की खेप वह उत्तर प्रदेश के बरेली से एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और इसे यमुना पार (Trans Yamuna) क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहा था। आरोपी ने वारदात के लिए अपने दोस्त की बुलेट मोटरसाइकिल मांगकर ली थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गुड्डू साल 2022 में भी रानी बाग थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस अब इस अवैध धंधे के मुख्य स्रोत और बरेली के सप्लायर का पता लगाने के लिए छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More