इलेक्ट्रॉनिक सामान सस्ते में बेचने के नाम पर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, पुणे के युवक को बनाया था शिकार

नई दिल्ली: दिल्ली की उत्तर-पूर्वी जिला साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सस्ते दामों पर इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का झांसा देकर ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो “समीर सेल इलेक्ट्रॉनिक्स” नाम से फर्जी प्रोफाइल चलाकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे निवासी विजय राजेश कचरावत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मौजपुर से संचालित होने वाली एक यूनिट ने उन्हें ₹10,000 में 9 किलो की व्हर्लपूल वॉशिंग मशीन देने का लालच दिया था। ठगों ने विश्वास जीतने के लिए वीडियो कॉल पर मशीन भी दिखाई थी। लेकिन जैसे ही विजय ने ऑनलाइन भुगतान किया, आरोपियों ने न तो सामान भेजा और न ही पैसे वापस किए।

साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीर (25), अमन (25) और तौहीद मलिक (21) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों के जरिए भोले-भले लोगों को कम कीमत का लालच देकर फंसाते थे।

साइबर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित द्वारा भुगतान की गई ₹10,000 की राशि को आरोपी के बैंक खाते में ही फ्रीज करवा दिया है, ताकि पीड़ित को उसके पैसे वापस मिल सकें। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है और इनके बैंक खातों में चल रहे लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More