APK फाइल भेजकर फोन हैक करने वाले गिरोह का पर्दाफाश; फरीदाबाद पुलिस ने बिहार से तीन शातिर ठगों को दबोचा

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की साइबर टीम ने मोबाइल हैकिंग के जरिए बैंक खातों में सेंध लगाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना NIT की टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर बिहार के नालंदा जिले से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो मोबाइल फोन पर घातक APK फाइल भेजकर उसे हैक कर लेते थे और फिर बैंक खातों से पैसे उड़ा देते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोकी (24), दीपक (24) और अमित (25) के रूप में हुई है, जो बिहार के नालंदा जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि NIT फरीदाबाद के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर एक अनजान APK फाइल प्राप्त हुई थी। जैसे ही पीड़ित ने उस फाइल को डाउनलोड कर ओपन किया, उसका फोन हैक हो गया और देखते ही देखते उसके बैंक खाते से 2,35,000/- रुपये निकाल लिए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों आरोपी आपस में गहरे दोस्त हैं और एक संगठित गिरोह की तरह काम करते थे। इनका मुख्य काम विभिन्न बैंक खाते खुलवाकर उन्हें मुख्य साइबर ठगों को उपलब्ध कराना था। आरोपी अमित के खाते में ही पीड़ित के 2.35 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। ये आरोपी ठगी की राशि पर मोटा कमीशन लेकर उसे आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड कौन है और इन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे व्हाट्सएप या अन्य मैसेजिंग ऐप पर प्राप्त होने वाली किसी भी अनजान फाइल या लिंक को क्लिक न करें, क्योंकि यह आपके फोन और बैंक खाते के लिए खतरनाक हो सकता है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More