रानी झांसी रोड पर सर्जिकल ब्लेड दिखाकर लूटपाट करने वाले दो किशोर दबोचे, नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की सेंट्रल जिला पुलिस के तहत आने वाली शीदीपुरा पुलिस चौकी ने एक सनसनीखेज लूट के मामले को सुलझाते हुए दो किशोरों को पकड़ा है। इन आरोपियों ने एक युवक को सर्जिकल ब्लेड दिखाकर डराया और उससे हजारों रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई रकम का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी बरामद कर लिया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि वारदात 28 जनवरी की शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच हुई थी। करावल नगर निवासी पीड़ित अपनी बाइक से इंदरपुरी से काम खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह ईदगाह गोल चक्कर के पास रानी झांसी रोड पर पहुंचा, तो भारी ट्रैफिक के कारण उसकी बाइक की रफ्तार धीमी हो गई। इसी का फायदा उठाकर दो लड़कों ने उसे रोका। एक ने पीछे से उसकी गर्दन पकड़कर काबू किया, जबकि दूसरे ने सामने से सर्जिकल ब्लेड दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने जबरन उसकी जेब से 32,000 रुपये निकाल लिए और फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीबीजी रोड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रणधीर सिंह और शीदीपुरा चौकी इंचार्ज एसआई सुमित सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। ट्रैफिक अधिक होने के कारण फुटेज स्पष्ट नहीं थी, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी और ‘बैकवर्ड-फॉरवर्ड’ एनालिसिस व लोकल इंटेलिजेंस की मदद से दोनों नाबालिग आरोपियों की पहचान कर ली।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए आरोपियों के परिवारों ने उनके ठिकाने बदल दिए थे और उन्हें रिश्तेदारों के घर भेज दिया था। हालांकि, सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उन्हें पहाड़गंज और आनंद पर्वत इलाके से पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने आसान पैसा कमाने के चक्कर में इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके पास से कुल 17,190 रुपये और वह सर्जिकल ब्लेड बरामद कर लिया है जिससे वे लोगों को डराते थे। इस ऑपरेशन में एसआई जगदीश चंद, हेड कांस्टेबल सुरेश, संदीप, रामकरण, मुरली धर और कांस्टेबल सौरभ व शेखर की अहम भूमिका रही।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More