लड़की से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक पर जानलेवा हमला, महरौली पुलिस ने चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ अनुपम अपार्टमेंट (इग्नू रोड) के पास नशे में धुत चार युवकों ने एक लड़की के साथ छेड़खानी की। जब पास ही रहने वाले 26 वर्षीय मुकेश ने साहस दिखाते हुए इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 3 फरवरी की है। संगम विहार निवासी मुकेश ने जब बदमाशों को छेड़खानी करने से रोका, तो आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और लात-घूसों के साथ-साथ पत्थरों से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल मुकेश को तुरंत पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उन्हें एम्स ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल इलाज के बाद मुकेश को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए महरौली पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की समर्पित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संगम विहार इलाके से ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल रावत (26), जतिन (20), सोनू (25) और विवेक (20) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी संगम विहार इलाके के रहने वाले हैं। दिल्ली पुलिस ने इस सफल कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुँचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More