क्रॉस रिवर मॉल के ‘मैक्सिको कैफे’ पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ठगी और ओवरचार्जिंग के आरोप में तीन मुकदमे दर्ज

नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद विहार स्थित क्रॉस रिवर मॉल में संचालित ‘मैक्सिको कैफे’ (Maxico Café) के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। कैफे में आने वाले ग्राहकों से खाने-पीने की चीजों पर जरूरत से ज्यादा पैसे वसूलने और उन्हें धमकाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने कैफे मालिक और अन्य सहयोगियों के खिलाफ तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अब इस कैफे को सील करने और इसका हेल्थ ट्रेड लाइसेंस रद्द कराने की प्रक्रिया में जुट गई है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस कैफे के खिलाफ काफी समय से ओवरचार्जिंग की मौखिक शिकायतें मिल रही थीं, जिन्हें शुरुआत में शिकायतकर्ता स्वयं ही सुलझा लेते थे। लेकिन जब लिखित शिकायतें मिलीं, तो पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 दिसंबर 2025, 1 फरवरी 2026 और 3 फरवरी 2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत तीन मुकदमे दर्ज किए।

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला ‘मोडस ऑपरेंडी’ सामने आया है। बताया गया है कि कुछ युवतियां ग्राहकों को बहला-फुसलाकर कैफे में लाती थीं, जिसके बाद कैफे में उनसे भारी-भरकम बिल वसूला जाता था। पुलिस ने ऐसी लड़कियों की पहचान कर ली है जो इस पूरे गिरोह का हिस्सा थीं। कैफे मालिक के साथ-साथ इन लड़कियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आनंद विहार पुलिस ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए नगर निगम के अधिकारियों को एक पत्र लिखा है। पत्र में मांग की गई है कि कैफे में चल रही अवैध गतिविधियों और धोखाधड़ी को देखते हुए इसका हेल्थ ट्रेड लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाए और कैफे को सील कर दिया जाए। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लूट और धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More