हरी नगर थाना पुलिस ने शातिर वाहन चोर को किया गिरफ्तार, चोरी की दो स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के वेस्ट जिला पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रहा है।

वेस्ट जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि हरि नगर थाना इलाके में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस टीम को सतर्क किया गया था। 2 और 3 फरवरी की दरमियानी रात को हरि नगर पुलिस चौकी की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध चोर स्कूटी पर सवार होकर स्वर्ग आश्रम रोड की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर सिग्नेचर ग्रैंड होटल के पास जाल बिछाया गया।

बेरीवाला बाग की ओर से आ रहे एक स्कूटी सवार को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पीछा कर दबोच लिया। जांच करने पर पता चला कि स्कूटी हरि नगर थाने से चोरी की गई थी। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय आकाश उर्फ नेपाली के रूप में हुई है, जो हरि नगर इलाके में ही घूम-फिर कर जीवन व्यतीत करता है।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी आकाश ने एक और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक और स्कूटी बरामद की, जो बिंदापुर इलाके से चोरी हुई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आकाश उर्फ नेपाली पहले भी घर में चोरी के एक मामले में शामिल रहा है।

इस सफल ऑपरेशन को हरि नगर चौकी इंचार्ज एसआई अनूप राणा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सोमबीर, कांस्टेबल मनीष और तरुण की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने चोरी के इन वाहनों को किसे बेचने की योजना बनाई थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More