खजूरी खास में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना इलाके में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल किशोर ने इलाज के दौरान आरएमएल अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं।

उत्तर-पूर्वी जिले की पुलिस के अनुसार, घटना 3 फरवरी की देर रात की है। श्रीराम कॉलोनी निवासी एक नाबालिग लड़के को चाकू मारे जाने की सूचना खजूरी खास थाने को प्राप्त हुई थी। गंभीर हालत में घायल किशोर को पहले जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बड़े मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया था।

पुलिस ने शुरुआत में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि, आज अस्पताल से सूचना मिली कि पीड़ित किशोर ने जख्मों के ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया है। मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है।

खजूरी खास थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए इलाके में छापेमारी की और वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन (18), एहसान (19), आकिब (19) और फराज (18) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी उसी इलाके के रहने वाले हैं जहां पीड़ित रहता था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस क्रूर हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More