करोल बाग में ‘कस्टमर’ बनकर आया चोर: पूसा रोड के तीन बड़े शोरूम से उड़ाई थी सोने की चेन, पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग इलाके में ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहक बनकर नामी शोरूम में दाखिल होता था और नजर बचाकर सोने की चेन उड़ा लेता था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली है और उसके खिलाफ तीन अलग-अलग मामले सुलझाने का दावा किया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 30 जनवरी को पूसा रोड स्थित ‘तनिष्क’ ज्वेलरी शोरूम के मैनेजर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक 26 वर्षीय युवक ग्राहक बनकर आया और करीब 12.44 ग्राम की सोने की चेन चुराकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी चोरी करते हुए साफ नजर आया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी की तस्वीरें इलाके के सभी ज्वेलरी शोरूम के ग्रुप में सर्कुलेट कर दीं।

जांच के दौरान इसी तरह की चोरी की शिकायतें ‘मालाबार’ और ‘कैरटलेन’ शोरूम से भी मिलीं। आरोपी ने इसी ‘मोडस ऑपरेंडी’ का इस्तेमाल करते हुए करीब 16 ग्राम और 5 ग्राम की चेन पर हाथ साफ किया था। 1 फरवरी की रात करीब 9 बजे, जब आरोपी सुहैब अली पूसा रोड स्थित ‘कल्याण ज्वेलर्स’ में वारदात करने पहुँचा, तो मैनेजर ने फोटो देखते ही उसे पहचान लिया। मैनेजर ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को बातों में उलझाए रखा और तुरंत बीट कांस्टेबल शांतनु को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही कांस्टेबल शांतनु मौके पर पहुँचे और आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी सुहैब अली (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने तनिष्क, मालाबार और कैरटलेन शोरूम में चोरी की बात कबूल की। उसने बताया कि वह सेल्समैन को बातों में फंसाकर काउंटर से चेन पार कर देता था। उसने चोरी का कुछ सोना बेच दिया था और कुछ हिस्सा कर्ज लेने के लिए गिरवी रख दिया था। पुलिस ने उसके पास से 16 ग्राम की सोने की चेन बरामद कर ली है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और अन्य चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। बीट स्टाफ और शोरूम कर्मियों के बीच बेहतर तालमेल की वजह से इस बड़े अपराधी को पकड़ने में सफलता मिली है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More