नजफगढ़ ज़ोन में जल प्रदूषण फैलाने वाली जींस डाइंग फैक्ट्री पर चला निगम का चाबुक, मौके पर की गई सीलिंग

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम के नजफगढ़ क्षेत्र की टीम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सख्त कदम उठाते हुए जल प्रदूषण फैलाने वाली एक बड़ी औद्योगिक इकाई पर बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान ईसापुर वार्ड में नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही एक जींस डाइंग फैक्ट्री को मौके पर ही सील कर दिया।

नजफगढ़ ज़ोन की टीम द्वारा किए गए क्षेत्र निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मितराऊ और सुरेहरा गांव के बीच, राधा कृष्ण वाटिका के समीप यह जींस डाइंग फैक्ट्री अवैध रूप से चलाई जा रही थी। लगभग 2000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में फैली यह इकाई निरीक्षण के समय चालू अवस्था में थी और भारी मात्रा में जल प्रदूषण फैला रही थी। पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी पाए जाने पर निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को पूरी तरह सील कर दिया।

नजफगढ़ ज़ोन के उपायुक्त सुमित कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के विरुद्ध प्रतिदिन सर्वेक्षण और निरीक्षण का अभियान जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वाली किसी भी अन्य इकाई के विरुद्ध भविष्य में और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More