मक्खन पर लकीर तो सब खींचते हैं, यह बजट पत्थर पर लकीर खींचने जैसा प्रयास: मनोज तिवारी

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्व दिल्ली से सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज तिवारी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे ‘विकसित भारत @2047’ की नींव बताया है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आम तौर पर बजट को सिर्फ टैक्स छूट के चश्मे से देखा जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अब दीर्घकालिक लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह बजट मक्खन पर नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए पत्थर पर लकीर खींचने जैसा साहसी प्रयास है।

प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ममता त्यागी भी उपस्थित रहे। प्रवीण शंकर कपूर ने बजट में प्रस्तावित ‘ओरेंज इकोनॉमी’ को युवाओं की तरक्की के लिए नए पंख देने वाला बताया।

मनोज तिवारी ने कहा कि सरकार ने युवाओं के कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए हैं। इस बजट में सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित न रहकर देश के हर जिले में एक ‘स्किल सेंटर’ और ‘गर्ल्स हॉस्टल’ खोलने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने उदाहरण दिया कि उनके स्वयं के संसदीय क्षेत्र में 1000 कमरों का गर्ल्स हॉस्टल बन रहा है, और अब यही मॉडल पूरे देश में लागू होगा।

सांसद ने कहा कि भारत अब विश्व का ‘डेटा हब’ बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा, “जब हम दुनिया को अनाज और वैक्सीन दे सकते हैं, तो डेटा के क्षेत्र में भी नेतृत्व कर सकते हैं।” इसके अलावा, उन्होंने पावर सेक्टर में आत्मनिर्भरता, रक्षा बजट में 20 गुना वृद्धि और मनरेगा के लिए 30,000 करोड़ रुपये के प्रावधान का भी स्वागत किया।

शिपिंग सेक्टर का जिक्र करते हुए तिवारी ने बताया कि पहले सामान के क्लीयरेंस में महीनों लगते थे, लेकिन अब इसे 48 घंटे के भीतर पूरा करने का प्रावधान किया गया है, जिससे महंगाई कम होगी। उन्होंने वाराणसी तक बुलेट ट्रेन और सात नए कॉरिडोर के निर्माण को भारत की बदलती तस्वीर का परिचायक बताया। उन्होंने अंत में कहा कि जीएसटी राजस्व में हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी (1.93 लाख करोड़ रुपये) प्रधानमंत्री की आर्थिक नीतियों पर जनता के विश्वास की मुहर है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More