रिक्शा चालक से लूटपाट करने वाला शातिर लुटेरा गिरफ्तार, आनंद पर्वत थाना पुलिस ने बरामद किया लूटा हुआ मोबाइल

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के आनंद पर्वत थाना पुलिस ने एक रिक्शा चालक के साथ हुई लूट की वारदात को सुलझाते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी नशे की जरूरतों और आसान पैसे कमाने के लिए वारदातों को अंजाम देता था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि घटना 3 फरवरी की है। पीड़ित रिक्शा चालक ने पुलिस को शिकायत दी थी कि जब वह पहाड़गंज से लौट रहा था और रोहतक रोड पर एक जूस की दुकान के पास पहुंचा, तभी तीन लड़कों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने उसे रिक्शे से नीचे धकेल दिया, जबकि दो अन्य ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए। इसी दौरान तीसरे आरोपी ने उसकी जेब से मोबाइल फोन जबरन निकाल लिया और तीनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

आनंद पर्वत थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल धर्मराज और कांस्टेबल अरुण की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक आरोपी रामस्वरूप विद्यार्थी मार्ग स्थित सीएनजी पंप के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान चमन (22), निवासी पंजाबी बस्ती, आनंद पर्वत के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से लूटा हुआ काले रंग का ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपनी नशे की लत को पूरा करने और जल्दी पैसा कमाने के लिए लूटपाट और स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चमन पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस अब फरार चल रहे उसके दो अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More