सड़कों पर दहशत फैलाने वाले ‘सूरा गैंग’ का अंत, मकोका के तहत गैंगस्टर और उसका शार्पशूटर गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले में दहशत और खौफ का साम्राज्य चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर पंकज उर्फ सूरा और उसके दाहिने हाथ कहे जाने वाले आकाश उर्फ अक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शाहबाद डेयरी इलाके में सक्रिय इस संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस ने मकोका (MCOCA) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बड़ी कार्रवाई की है। पंकज पर हत्या के प्रयास, डकैती और पुलिस कर्मियों पर हमले जैसे 20 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।

बाहरी उत्तरी जिला के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि आरोपी पंकज उर्फ सूरा शाहबाद डेयरी का निवासी है और लंबे समय से एक संगठित गिरोह का संचालन कर रहा था। यह गिरोह न केवल लूट और डकैती को अंजाम देता था, बल्कि इलाके के दुकानदारों और निवासियों में भय पैदा कर उनसे अवैध वसूली भी करता था। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए यह गिरोह अपने ठिकाने लगातार बदल रहा था, जिसके चलते अदालत ने पंकज के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।

एसीपी बवाना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें इंस्पेक्टर महेंद्र, एसआई घनश्याम, बलवान और अन्य अनुभवी अधिकारी शामिल थे। टीम को सूचना मिली कि पंकज अपने साथी आकाश के साथ दिल्ली में ही किसी सुरक्षित ठिकाने की तलाश में है। तीन फरवरी को पुख्ता जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक टाटा पंच कार, मोबाइल फोन और एक जियो डोंगल बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल ये अपनी लोकेशन छिपाने और इंटरनेट के जरिए गैंग चलाने में करते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पंकज के साथ रोशन उर्फ अंधा, सुजीत उर्फ जट्टा, राकेश नेपाली और आकाश जैसे खतरनाक अपराधी जुड़े हुए हैं। इन सभी के खिलाफ मकोका एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत एफआईआर दर्ज है। मकोका (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट) तब लगाया जाता है जब किसी अपराधी का एक पूरा नेटवर्क होता है और वह लगातार गंभीर अपराधों में संलिप्त रहता है। पंकज के खिलाफ 2012 से अब तक दर्ज दर्जनों चार्जशीट उसके संगठित अपराध की पुष्टि करती हैं।

पंकज उर्फ सूरा वर्ष 2012 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। हत्या का प्रयास, डकैती, पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट जैसे 20 गंभीर मामले दर्ज हैं। आकाश उर्फ अक्कू पंकज का सबसे वफादार साथी है। यह गिरोह के वर्चस्व को बनाए रखने के लिए हिंसक वारदातों को अंजाम देता था। इस पर हत्या के प्रयास के तीन बड़े मामले दर्ज हैं। शाहबाद डेयरी और आसपास के इलाकों में पंकज सूरा की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब इस गिरोह के वित्तीय स्रोतों और अन्य छिपे हुए सदस्यों की तलाश कर रही है। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More