दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है निगम का बजट: महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2025-26 के संशोधित बजट और 2026-27 के आगामी बजट अनुमानों पर चर्चा के लिए आज निगम सदन की विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दिल्ली के विकास और निगम के राजस्व को बढ़ाने के लिए विभिन्न दलों के पार्षदों ने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने बजट को दिल्ली की प्रगति की दिशा तय करने वाला बताया।

सदन की कार्यवाही के दौरान लगभग 28 पार्षदों ने चर्चा में भाग लिया। पार्षदों द्वारा दिए गए सुझावों में अवैध पार्किंग को वैध कर लाइसेंस देना, बड़े निगम स्कूलों में पीपीपी मॉडल के तहत खेल परिसर बनाना और प्रदूषण नियंत्रण के लिए हरित कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन करना प्रमुख रहा। इसके अलावा, अतिक्रमण के विरुद्ध एक विशेष ‘टास्क फोर्स’ बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष प्रावधान करने की मांग भी सदन में रखी गई।

चर्चा के दौरान महिला कर्मचारियों के लिए प्रत्येक वार्ड में विश्राम गृह बनाने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर वार्ड में जेसीबी व सुपर सकर मशीन उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया। पार्षदों ने यूनीपोल सर्वे के जरिए विज्ञापन राजस्व बढ़ाने पर भी जोर दिया।

महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा निगम को दिए जा रहे सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करने और एक हरित व सुंदर शहर बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। महापौर ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे कल होने वाली चर्चा में भी पूरी तैयारी के साथ आएं और दिल्ली की जनता के हित में रचनात्मक सुझाव दें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More