देश में 28 लाख से अधिक घरों में सौर ऊर्जा कनेक्शन, बिधूड़ी के प्रश्न के जवाब में सरकार ने लोकसभा में दी जानकारी

नई दिल्ली: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ देश के करोड़ों घरों को रोशन करने के साथ-साथ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में क्रांति ला रही है। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी द्वारा लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सरकार ने बताया कि पिछले दो वर्षों के भीतर देश के 28 लाख से अधिक घरों में सौर ऊर्जा के कनेक्शन लगाए गए हैं। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार ने अब तक 16,061 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी वितरित की है।

सांसद बिधूड़ी ने नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय से इस योजना की प्रगति और विस्तार के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में मंत्रालय के राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाईक ने सदन को बताया कि फरवरी 2024 में योजना की शुरुआत के बाद से 30 जनवरी 2026 तक कुल 28,24,518 घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जा चुका है। सरकार द्वारा दी गई यह वित्तीय सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सरकार से यह भी जानना चाहा कि इस योजना को आम लोगों तक सुलभ बनाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार ने जवाब में स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है। अब आवासीय उपभोक्ता राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। योजना के तहत 10 किलोवाट तक के लोड की सुविधा है और इसके लिए मात्र 5.75 प्रतिशत की रियायती दर पर ऋण की व्यवस्था भी की गई है।

सांसद बिधूड़ी ने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि वेंडरों के रजिस्ट्रेशन को सरल बनाने और सीधे सब्सिडी देने से लोगों का रुझान सौर ऊर्जा की तरफ तेजी से बढ़ा है, जिससे न केवल बिजली के बिल कम होंगे बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More