राहुल गांधी के बयान पर सिखों का फूटा गुस्सा, दिल्ली भाजपा का कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन

नई दिल्ली: संसद परिसर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री सरदार रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार’ कहे जाने के विरोध में बुधवार को राजधानी की सड़कों पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में सिख प्रकोष्ठ और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए दो बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मुंह से निकला ‘गद्दार’ शब्द दरअसल उनके परिवार और कांग्रेस की सिखों के प्रति 1984 वाली नफरत को दर्शाता है। सचदेवा ने भावुक होते हुए कहा, “गुरु गोविंद सिंह जी की बहादुर और राष्ट्रभक्त कौम के सिपाही को गद्दार कहना न केवल सिख समाज का अपमान है, बल्कि पूरे देश को शर्मसार करने वाली बात है। कांग्रेस का हाथ निर्दोष सिखों के खून से रंगा है और आज राहुल के मन के भाव जुबान पर आ गए हैं।”

भाजपा कार्यकर्ता मानसिंह रोड पर एकत्रित हुए और वहां से ‘सिख सरदार हैं, राहुल गांधी तुम गद्दार हो’ के नारों के साथ कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात था। जोश से भरे कार्यकर्ताओं ने दो सुरक्षा घेरे पार कर लिए, लेकिन तीसरे घेरे पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने वीरेंद्र सचदेवा, सांसद योगेंद्र चांदोलिया, राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह, विधायक तरविंद्र सिंह मारवाह और सिख प्रकोष्ठ के संयोजक चरणजीत सिंह लवली सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर संसद मार्ग थाने ले गई।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर.पी. सिंह ने कहा कि एक निर्वाचित सांसद और सिख नेता को गद्दार कहना संसदीय गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने इसे राहुल गांधी की कुंठा बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की। वहीं, सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पिछले पांच दशकों से सिखों और हिंदुओं के बीच दरार डालने की साजिश रच रही है। विधायक तरविंद्र सिंह मारवाह ने दो टूक कहा कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश के बलिदानी समाज को गाली दे रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस रोष प्रदर्शन में प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल, प्रवीण शंकर कपूर, बृजेश राय, इमप्रीत सिंह बख्शी, संतोष ओझा सहित बड़ी संख्या में निगम पार्षद और सिख समाज के प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। करीब दो घंटे चले भारी हंगामे के बाद हिरासत में लिए गए नेताओं को पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया, लेकिन भाजपा ने स्पष्ट किया है कि जब तक राहुल गांधी माफी नहीं मांगते, उनका विरोध जारी रहेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More