ऑटो ड्राइवर की आड़ में लूट की तैयारी कर रहा’चाकूबाज’ गिरफ्तार, गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दबोचा

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार ISBT इलाके में मुस्तैद पुलिस टीम ने गश्त के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से एक प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद हुआ है। आरोपी ऑटो रिक्शा की आड़ में राहगीरों को डरा-धमका कर लूटपाट और स्नैचिंग करने की फिराक में था।

पूर्वी जिला के अतिरिक्त आयुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि 3 फरवरी की सुबह करीब 8:15 बजे पीआईए थाने के हेड कांस्टेबल अजय और कांस्टेबल अनंत पाल इलाके में गश्त पर थे। जब वे आनंद विहार ISBT के सर्विस रोड के पास पहुंचे, तो उन्होंने एक ऑटो-रिक्शा में बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस को अपनी ओर आता देख वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। सतर्क जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान 32 वर्षीय दीपक के रूप में हुई, जो शशि गार्डन स्थित खोखा पटरी कैंप का रहने वाला है। दीपक ने कबूल किया कि वह चाकू की नोक पर चोरी और स्नैचिंग करने के इरादे से वहां खड़ा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण वह वारदात को अंजाम नहीं दे सका।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दीपक पहले से ही लूट और चोरी जैसे 8 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वह अपनी जीविका चलाने के लिए ऑटो ड्राइवर के रूप में काम करता था, लेकिन इसकी आड़ में अपराध की दुनिया में सक्रिय था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More