काका नगर को मिला ‘अनुपम’ का दर्जा; कूड़े से खाद और मशीनों से सफाई का बना नया मॉडल

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण और धूल को मात देने के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने एक बड़ी पहल की है। बुधवार को एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने काका नगर को परिषद की छठी ‘अनुपम कॉलोनी’ घोषित किया। यह दिल्ली की ऐसी पहली आवासीय कॉलोनी बन गई है, जहां सफाई का काम पूरी तरह मशीनों के हवाले होगा, जिससे यह क्षेत्र ‘डस्ट-फ्री’ यानी धूल-रहित रहेगा।

परिषद के अध्यक्ष ने बताया कि अब काका नगर में पारंपरिक झाड़ू की जगह पांच आधुनिक पुश-बैक मैकेनिकल स्वीपर और एक गॉब्लर मशीन का उपयोग किया जा रहा है। इस तकनीक से न केवल सड़कों की सफाई बेहतर होगी, बल्कि हवा में उड़ने वाले धूल कणों पर भी रोक लगेगी, जो वायु गुणवत्ता सुधारने में सहायक होगा। उन्होंने इसे पारंपरिक सफाई से आधुनिक तकनीक की ओर एक क्रांतिकारी बदलाव बताया।

कॉलोनी में कचरा प्रबंधन के लिए 12 वायर-मेश कंपोस्टिंग यूनिट्स लगाई गई हैं। एनडीएमसी के सलाहकार राजीव कुमार जैन के मुताबिक, यहाँ ‘गीला कूड़ा लाओ-खाद ले जाओ’ योजना के तहत निवासियों को खाद बांटी जा रही है। इसके अलावा, जन-भागीदारी को बढ़ाने के लिए ‘नेकी की दीवार’ और आरआआर केंद्र भी शुरू किया गया है, जहां लोग पुरानी पुस्तकें और कपड़े दान कर सकेंगे।

वर्तमान में इसे एक प्रयोग के तौर पर लागू किया गया है। केशव चंद्रा ने कहा कि काका नगर मॉडल की सफलता के बाद इसे एनडीएमसी की अन्य कॉलोनियों में भी विस्तार दिया जाएगा। बता दें कि इससे पहले भारती नगर, बापू धाम और न्यू मोती बाग जैसी कॉलोनियों को ‘अनुपम’ का दर्जा मिल चुका है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More