निहाल विहार में घरेलू विवाद में पत्नी के ठिकाने पर चलाईं गोलियां, चंद घंटों में आरोपी पति गिरफ्तार

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हालांकि, निहाल विहार थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आज सुबह करीब 5:30 बजे निहाल विहार के RZG ब्लॉक में फायरिंग की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो घर के बाहर कारतूस के तीन खाली खोखे पड़े मिले। राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। जांच में पता चला कि यह घर ‘A’ नाम की महिला का है, जहां पिछले कुछ दिनों से ‘B’ (31 वर्ष) नामक महिला अपने 8 अन्य ट्रांसजेंडर साथियों के साथ रह रही थी।

शुरुआती जांच में सामने आया कि ‘B’ का अपने पति वैश करण चौधरी के साथ पिछले काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते वैश करण ने डराने के इरादे से अपनी पत्नी के वर्तमान ठिकाने पर गोलियां चलाईं। वैश करण चौधरी कृष्णा नगर के खुरेजी खास का रहने वाला है। वारदात को अंजाम देकर वह मौके से फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और सर्विलांस का सहारा लिया। सटीक लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी वैश करण चौधरी को दबोच लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी वैश करण पहले भी 3 आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More