पड़ोसी ने ही लगाया चूना: जाफराबाद पुलिस ने सेंधमार को किया गिरफ्तार, सोने के गहने बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की एक वारदात को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान समीर (22) के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, 2 फरवरी को चौहान बांगर की गली नंबर-6 में रहने वाले साहिल ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। साहिल साप्ताहिक बाजार में काम करता है। वारदात वाले दिन वह दोपहर करीब 1:00 बजे रघुबीर नगर बाजार गया था। जब वह शाम को वापस लौटा, तो घर का मंजर देखकर दंग रह गया। घर से नकदी, एक सोने की अंगूठी और कान की बालियां गायब थीं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 331/305 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले को सुलझाने के लिए जाफराबाद थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में हवलदार नफीस, रवि शंकर और सिपाही आशीष को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने इलाके में साक्ष्य जुटाए और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध समीर को हिरासत में लिया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई सोने की अंगूठी और सोने की बालियां बरामद कर ली हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी समीर पीड़ित साहिल का पड़ोसी ही है। उसे साहिल के आने-जाने के समय की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने सूने घर में हाथ साफ कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी किसी अन्य चोरी की वारदात में शामिल रहा है या नहीं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More