श्रीलंकाई अफसरों ने NDMC से लिया ‘स्वच्छ शहर’ का गुरुमंत्र, NDMC की 311 ऐप और RRR मॉडल से हुए प्रभावित

नई दिल्ली: स्वच्छ भारत की मिसाल बनी नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी छा रही है। मंगलवार को श्रीलंका के 40 वरिष्ठ सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने NDMC मुख्यालय का दौरा किया और “स्वच्छ शहर – बेहतर भविष्य” थीम पर गहन विचार-विमर्श किया। यह दौरा 27 अक्टूबर से 7 नवंबर तक चल रहे 13वें क्षमता निर्माण कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसे NDMC ने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG) के साथ मिलकर आयोजित किया है।

NDMC चेयरमैन केशव चंद्रा ने श्रीलंकाई मेहमानों को सतत शहरी विकास का ऐसा लाइव डेमो दिया कि सभी दंग रह गए। उन्होंने बताया कि कैसे मशीनीकृत स्वीपिंग मशीनें, रात में सफाई अभियान, स्रोत पर कूड़ा अलग करना और RRR (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकल) मॉडल ने दिल्ली को देश की सबसे स्वच्छ राजधानी बनाया है।

डॉ. शकुंतला श्रीवास्तव (MOH) ने पावरपॉइंट के जरिए दिखाया कि बिजली के खंभों पर लगे मिस्ट स्प्रेयर कैसे धूल को काबू में रखते हैं, जबकि ई-कचरा वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोज होता है। समुदाय आधारित कॉलोनियां, हरियाली बढ़ाने के मेगा प्लांटेशन ड्राइव और NDMC की 311 ऐप ने श्रीलंकाई अफसरों को खासा प्रभावित किया।

जीएस अग्रवाल (इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर इंचार्ज) ने वीडियो दिखाते हुए बताया कि 49 से ज्यादा सेवाएं अब एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। NDMC 311 ऐप से शिकायत दर्ज करना हो या बिल भरना, सब कुछ फिंगरटिप्स पर। श्रीलंकाई डेलीगेशन ने इसे “डिजिटल क्रांति” करार दिया।

श्रीलंकाई अफसरों ने कहा, “हम कोलंबो में भी ऐसा मॉडल अपनाना चाहते हैं।” कार्यक्रम के अंत में NCGG के डॉ. एपी सिंह ने धन्यवाद दिया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More