लखनऊ-कानपुर हाईवे को मिलेगा नया रूप, बचेगा यात्रा का समय, ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति

राष्ट्रीय जजमेंट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख शहर कानपुर और लखनऊ को जोड़ने वाला हाईवे जल्द ही नए रूप में नजर आएगा. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस महत्वपूर्ण हाईवे के रिनोवेशन के लिए 80 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है. यह कार्य लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे के निर्माण के साथ समन्वय में किया जाएगा, जो अब अपने अंतिम चरण में है. अगले महीने से इस पुराने हाईवे के नवीनीकरण का काम शुरू होने की संभावना है. इस परियोजना से यात्रियों को एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे और नीचे के हाईवे दोनों से सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी.लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे के निर्माण ने पहले ही इस क्षेत्र में यातायात की सुविधा को बेहतर किया है. यह एक्सप्रेस-वे तेज गति वाले वाहनों के लिए बनाया गया है, जबकि इसके नीचे पुराने हाईवे को स्थानीय और छोटे वाहनों के लिए नया रूप दिया जाएगा. इस दोहरी व्यवस्था से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि हाईवे पर ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी. इस परियोजना से कानपुर और लखनऊ के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी, जो दोनों शहरों के लिए आर्थिक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण है.
फुटपाथ और पार्किंग की भी होगी सुविधाः रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि सड़क के गड्ढों को भरने के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा ताकि लंबे समय तक चल सके. इसके अलावा, हाईवे पर स्ट्रीट लाइट्स, ट्रैफिक साइन बोर्ड, और डिवाइडर की व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा. रात के समय सुरक्षित यात्रा के लिए प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. हाईवे के किनारे पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और छोटे व्यापारियों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा भी जोड़ी जाएगी. मार्च 2026 तक इस पर काम पूरा हो जाएगा. दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य कानपुर और लखनऊ के बीच यात्रा को और अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाना है. यह हाईवे उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख औद्योगिक और शैक्षिक केंद्रों को जोड़ता है, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है.यात्रा का समय बचेगाः स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नवीनीकरण से न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा. प्रशासन ने निर्माण कार्य के दौरान यातायात को कम से कम प्रभावित करने की योजना बनाई है. इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी और कार्य को चरणों में पूरा किया जाएगा. उनका कहना है कि यह परियोजना अगले कुछ महीनों में पूरी हो जाएगी, जिसके बाद हाइवे एक आधुनिक और सुरक्षित मार्ग के रूप में सामने आएगा.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More