दिल्ली में देशविरोधी स्लोगन लिखने वाले दो आरोपी गिरफ्तार; पन्नू और कनाडा में बैठे हैंडलर के इशारे पर रची थी साजिश

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस से ठीक पहले विभिन्न स्थानों पर देशविरोधी और खालिस्तानी समर्थक स्लोगन लिखने के मामले में दिल्ली पुलिस की कंझावला थाना टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर काम कर रहे थे।

रोहिणी जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव ने बताया कि गणतंत्र दिवस से पूर्व पन्नू ने एक वीडियो जारी कर दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में देशविरोधी नारे लिखे होने का दावा किया था। इस संबंध में स्पेशल सेल ने यूएपीए और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। कंझावजा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मानवीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी की मदद से दो संदिग्धों—बलजिंदर (29) और रोहित उर्फ कीरत (25)—को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे कनाडा में रहने वाले दलजीत बंसल के संपर्क में थे, जो उन्हें पन्नू के निर्देश भेजता था। दलजीत ने आरोपियों को प्रति लोकेशन एक लाख रुपये देने का वादा किया था। हालांकि, आरोपियों ने बताया कि काम करवाने के बाद दलजीत ने उन्हें पैसे नहीं दिए और उन्हें गुमराह किया। बलजिंदर पेशे से एम्बुलेंस ड्राइवर है और रोहित उसी एम्बुलेंस में हेल्पर का काम करता है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य सूत्रधार दलजीत बंसल पहले दिल्ली के तिलक नगर में रहता था, लेकिन साल 2025 में वह सपरिवार कनाडा शिफ्ट हो गया। वहीं से वह इन युवाओं को पैसों का लालच देकर देशविरोधी गतिविधियों के लिए उकसा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। स्पेशल सेल अब इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों और फंडिंग की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More