मध्य प्रदेश: 3-4 कांग्रेस विधायकों के जल्द ही भाजपा मे शामिल होने का किया जा रहा प्रबल दावा

0
भोपाल/इंदौर.| कमलनाथ सरकार को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा के एक बयान ने मध्यप्रदेश की सियासी हलचलें बढ़ा दी हैं। शेरा ने कांग्रेस नेता अरुण यादव को लेकर आशंका जाहिर की है, इसके साथ ही उन्होंने दावा किया है कि आने वाले समय में अरुण यादव खेमे के 3 से 4 विधायक भाजपा में शामिल होंगे। शेरा ने ये भी दावा किया है कि कुछ समय बाद अरुण यादव भी भाजपा में शामिल होंगे। वहीं, उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान की जोड़ी को हिट बताया है।
भाजपा में शामिल होंगे अरुण यादव
बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने सोमवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अरुण गुट के 3 से 4 और विधायक भाजपा में जाने वाले हैं। खुद अरुण यादव भाजपा में शामिल हो जाएंगे। आने वाले समय में यह बात सबके सामने आने वाली है। हालांकि उन्होंने खुद के बीजेपी या कांग्रेस में जाने की संभावनाओं से इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी में जाने से उनकी विधायकी चली जाएगी। उन्होंने कहा कि अरुण यादव चुनाव हार चुके हैं, उनकी हालत बहुत नाजुक हो चुकी है। उन्हीं के कारण आज प्रदेश में चुनाव की नौबत आई है।
शेरा ने कहा कि मैं ज्योतिरादित्य सिंधिया के काफी करीबी रहा हूं। सिंधिया जी के हर संघर्ष और रैली में साथ में रहा हूं। जब भी वे मध्यप्रदेश दौरे पर रहते थे तो हम उनके साथ रहते थे। मध्यप्रदेश में अब ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान की जोड़ी में घूम रही है, उससे मप्र को विकास की निगाह से देखें तो बहुत फायदा मिलेगा।
वहीं, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को लेकर शेरा ने कहा कि कमलनाथ को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहिए। उनमें नेतृत्व क्षमता है और वह इस लायक हैं, उनसे अच्छा व्यक्तित्व कांग्रेस को संभालने के लिए नहीं मिलेगा। बता दें कि सुरेन्द्र सिंह शेरा, मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार को समर्थन दे रहे थे लेकिन प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होने के बाद वो अब भाजपा सरकार के साथ हैं।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More