13 मौतों का कौन ज़िम्मेदार? उच्च न्यायालय के न्यायाधीश करेंगे जांच

राष्ट्रीय जजमेंट

मध्यप्रदेश सरकार ने जबलपुर जिले के बरगी बांध में हुए क्रूज नौका हादसे की जांच के लिए एक सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए रविवार को बताया कि आयोग तीन माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित क्रूज नौका 30 अप्रैल को जबलपुर जिले के बरगी बांध में पलट गई थी। हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 28 अन्य को बचा लिया गया था।अधिकारी ने बताया कि रविवार को गठित इस आयोग की अध्यक्षता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश संजय द्विवेदी करेंगे। आयोग हादसे के कारणों की जांच करेगा, यह देखेगा कि बचाव एवं राहत कार्य पर्याप्त थे या नहीं और जिम्मेदारी तय करेगा। अधिकारी ने बताया कि आयोग अंतर्देशीय पोत अधिनियम-2021 तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की वर्ष 2017 की नौका सुरक्षा दिशानिर्देशों के तहत नौकाओं, क्रूज और जल क्रीड़ा गतिविधियों के लेखा परीक्षण एवं प्रमाणीकरण के प्रावधानों का भी अध्ययन करेगा।उन्होंने कहा कि आयोग नौकाओं, क्रूज और जल क्रीड़ा गतिविधियों के संचालन एवं रखरखाव के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने तथा ऐसे स्थलों पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के गठन के संबंध में भी सुझाव देगा। अधिकारी ने बताया कि आयोग राज्य राजपत्र में अधिसूचना जारी होने की तारीख से तीन माह के भीतर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More